
छग में इस गांव को राफेल के कारण हो रही है परेशानी
रायपुर. छत्तीसगढ़ के इस कस्बे में रहनेवाले लोग कहते हैं कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण संयोग है जिसकी वजह से उनपर चुटकुले बन रहे हैं और लोगों का नकारात्मक ध्यान उनकी ओर आकर्षित हुआ है। यहां के निवासियों की दिलोजान से इच्छा है कि उनके गांव का नाम बदला जाना चाहिए। राफेल लड़ाकू विमान भारत पहुंच गया है। हालांकि राफेल को लेकर देश में आरोप प्रत्यारोप भी जमकर हुआ। यही नहीं विपक्ष ने राफेल डील को लेकर मोदी सरकार पर कई आरोप लगए। राफेल विवाद के दौरान ही छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में स्थित एक गांव चर्चा में आया था।दरअसल, छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से 136 किलोमीटर दूर एक गांव का नाम राफेल है। राफेल गांव ओडिशा बॉर्डर के नजदीक है। हाइवे पर स्थित राफेल गांव इनदिनों एक बार फिर चर्चा में है। 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी चुनावी सभाओं के दौरान राफेल डील का जिक्र जरूर करते थे। इसी दौरान महासमुंद का राफेल गांव चर्चा में आया था। राफेल डील से इस गांव के लोग तो अंजान थे। आस-पास के लोग इस गांव पर जोक्स भी बनाते थे।साथ ही सोशल मीडिया पर कई पोस्ट भी वायरल होते थे। बाद में गांव में मीडिया का जमावड़ा भी लगने लगा था, जिससे गांव के लोग परेशान होने लगे थे। राफेल विवाद की वजह से राष्ट्रीय फलक पर गांव की नकारात्मक छवि बन रही थी।