
जशपुरनगर।उरांव समाज के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष कृपा शंकर भगत ने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर जशपुर जिले के दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र कोरवा समाज के लिए सड़क और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।उन्होंने पत्र में उल्लेख किया है कि ग्राम कुरोंग, इरईपाठ और धौराकोना जैसे इलाके आज भी सड़क और बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं।

इन क्षेत्रों के लोग गंभीर बीमारियों और प्रसव के दौरान 8 से 10 किलोमीटर तक मरीजों को बहिंगा व गेड़वा-भार में ढोकर स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने को मजबूर हैं।

कृपा शंकर भगत ने कहा कि आधुनिक संसाधनों के बावजूद आदिवासी समाज आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है, जो बेहद दुखद है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की है कि इन दुर्गम गांवों में सड़क निर्माण और आवश्यक सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराई जाएं।
