मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में प्रदेश तेजी से बढ़ रहा आगे – सालिक साय

पत्थलगांव।महत्वाकांक्षी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं विभिन्न विभागों के संतृप्तिकरण के उद्देश्य से विकासखंड स्तरीय सुशासन शिविर का आयोजन ग्राम पंचायत खाड़ामाचा के हल्दीझरिया में सम्पन्न हुआ। शिविर में क्षेत्र के ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई तथा विभिन्न विभागों के माध्यम से समस्याओं का निराकरण भी किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत जशपुर के अध्यक्ष सालिक साय उपस्थित रहे।

उनके साथ जिला भाजपा महामंत्री मनीष अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष विशाल अग्रवाल, पुरंदर यादव, मंडल महामंत्री लक्ष्मी यादव, सुरेश यादव, रवि यादव, भूषण वैष्णव सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों में जनपद पंचायत पत्थलगांव के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलकांत श्रीवास, परियोजना अधिकारी कमलेश टोप्पो, नायब तहसीलदार करन सिंह राठिया, बीएमओ डॉ. जेम्स मिंज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय द्वारा क्षेत्र में प्रस्तावित कई विकास कार्यों का भूमि पूजन किया गया।

उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि गांव-गांव तक विकास की रोशनी पहुंचे और हर पात्र व्यक्ति को शासन की योजनाओं का लाभ मिले। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे शासन द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

सालिक साय ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश के लिए यह गर्व की बात है कि जशपुर जिले का लाडला बेटा मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश का नेतृत्व कर रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में प्रदेश में विकास की नई गति देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार गांव, गरीब और किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का क्रियान्वयन कर रही है, जिससे लोगों को सीधे लाभ मिल रहा है।

सुशासन शिविर में ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं और मांगें भी रखीं, जिनके निराकरण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को राजस्व, स्वास्थ्य, पंचायत, कृषि, शिक्षा सहित अन्य विभागों की योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई।

कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा शासन की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया।
