
जशपुर।जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार आरक्षक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार जेसीबी मशीन की टक्कर से यह दुर्घटना हुई, जिसमें आरक्षक की मौके पर ही मौत हो गई।मृतक आरक्षक की पहचान अनिल केरकेट्टा (आरक्षक क्रमांक 482) के रूप में हुई है, जो पत्थलगांव थाने में पदस्थ थे। बताया जा रहा है कि अनिल केरकेट्टा अपने रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए छुट्टी पर गए हुए थे और छुट्टी समाप्त होने के बाद वापस पत्थलगांव ड्यूटी जॉइन करने जा रहे थे।इसी दौरान सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के लोरो घाट के पास उनकी बाइक को जेसीबी मशीन ने टक्कर मार दी, जिससे गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई।मृतक आरक्षक अनिल केरकेट्टा, पिता सोहन केरकेट्टा, निवासी ग्राम मरता, सीतापुर के रहने वाले थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे से पुलिस विभाग में शोक की लहर है।

