
जशपुर। जनपद पंचायत जशपुर का जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने औचक निरीक्षण कर विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जनपद पंचायत के सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों से चर्चा कर कार्यालयीन कार्यप्रणाली की जानकारी ली तथा शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य में सुशासन स्थापित हो रहा है और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रशासन को पूरी तत्परता के साथ कार्य करना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं को जमीनी स्तर तक सुदृढ़ रूप से लागू किया जाए ताकि आम जनता को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।जिला पंचायत अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही विकास योजनाओं की नियमित निगरानी की जाए तथा हितग्राहियों को समय पर लाभ सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि गरीब, किसान, मजदूर और जरूरतमंद परिवारों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शिता और तत्परता के साथ पहुंचे।निरीक्षण के दौरान कार्यालय की व्यवस्थाओं, अभिलेखों और योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

उन्होंने कर्मचारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य करने तथा आम जनता के प्रति संवेदनशील रहकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समन्वय से ही विकास कार्यों को गति मिलती है।

इसलिए सभी अधिकारी-कर्मचारी शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए क्षेत्र के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि जशपुर जिले में विकास की गति और तेज हो सके।

