कट्टर कांग्रेसी रहे रविशंकर जायसवाल के भाजपा प्रवेश से सियासी हलचल तेज

MO NO- 9340278996,9406168350
पत्थलगांव की राजनीति में बड़ा उलटफेर हुआ है। कांग्रेस के कट्टर समर्थक माने जाने वाले रविशंकर जायसवाल के भाजपा में शामिल होने से राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। रविशंकर जायसवाल सोशल मीडिया पर लगातार भाजपा नेताओं के खिलाफ मुखर रहते थे और कांग्रेस के लिए मजबूती से आवाज उठाते थे, लेकिन अब उनके अचानक पार्टी बदलने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में हैरानी और असंतोष दोनों देखने को मिल रहे हैं।
भाजपा नेताओं को सोशल मीडिया पर घेरते थे रविशंकर
रविशंकर जायसवाल सोशल मीडिया पर कांग्रेस के पक्ष में और भाजपा के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाने के लिए जाने जाते थे। वह अक्सर भाजपा नेताओं की नीतियों पर सवाल उठाते थे और कांग्रेस के प्रति अपनी निष्ठा जाहिर करते थे। ऐसे में उनके भाजपा में प्रवेश करने को लेकर राजनीतिक विश्लेषक इसे कांग्रेस में गहराते असंतोष का संकेत मान रहे हैं।
भाजपा में जाने का कारण कांग्रेस की उपेक्षा
रविशंकर जायसवाल ने भाजपा में शामिल होने के बाद कहा कि कांग्रेस में लगातार उनकी अनदेखी की जा रही थी। पार्टी में सिर्फ गिने-चुने नेताओं को महत्व दिया जा रहा है, जबकि निचले स्तर के कार्यकर्ताओं की मेहनत को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा में मेहनती कार्यकर्ताओं को पूरा सम्मान मिलता है और इसी कारण उन्होंने पार्टी जॉइन करने का फैसला लिया।
भाजपा को मिल रहा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का समर्थन
इस बीच, भाजपा के जिला पंचायत सदस्य पद के उम्मीदवार सालिक साय का जनसंपर्क अभियान लगातार मजबूत होता जा रहा है। कांग्रेस के कई कार्यकर्ता अब भाजपा के समर्थन में आते दिख रहे हैं। रविशंकर जायसवाल जैसे कट्टर कांग्रेस समर्थक का भाजपा में जाना कांग्रेस के लिए झटका माना जा रहा है।
राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि यदि कांग्रेस ने अपने कार्यकर्ताओं की नाराजगी को दूर नहीं किया, तो आगामी चुनावों में उसे बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है। वहीं, भाजपा इस मौके को भुनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है।