मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में संचालित ‘सुशासन तिहार 2026’ आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का माध्यम बन गया है। “गांव-गांव, द्वार-द्वार” पहुंचने की मंशा के साथ शासन और प्रशासन सीधे लोगों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित कर रहे हैं, जिससे जनसामान्य में विश्वास और उत्साह का वातावरण निर्मित हो रहा है।
इसी क्रम में कोरबा जिले के पाली विकासखंड अंतर्गत ग्राम ईरफ में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर एक प्रेरक बदलाव का साक्षी बना। शिविर में जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारियों ने उपस्थित रहकर ग्रामीणों से आवेदन प्राप्त किए और उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया।
शिविर में ग्राम बड़े बांका निवासी 28 वर्षीय लखनलाल यादव भी अपनी समस्या लेकर पहुंचे। वर्ष 2023 में हुए एक भीषण सड़क हादसे ने उनकी जिंदगी की दिशा बदल दी थी। 04 जनवरी 2023 को हुई दुर्घटना में उन्होंने अपने दोनों पैर गंवा दिए, जिसके बाद उनका जीवन पूरी तरह दूसरों पर निर्भर हो गया। बैसाखियों के सहारे चलना-फिरना उनके लिए रोजमर्रा की चुनौती बन गया था।
लेकिन ‘सुशासन तिहार’ ने उनके जीवन में नई उम्मीद का संचार किया। शिविर के दौरान उन्हें बैटरी संचालित ट्राइसाइकिल प्रदान की गई, जिसने उनकी जिंदगी को फिर से गति दे दी। अब वे अपने दैनिक कार्यों को अधिक सहजता और आत्मनिर्भरता के साथ कर सकेंगे। ट्राइसाइकिल प्राप्त करते ही उनके चेहरे पर संतोष और आत्मविश्वास की झलक साफ दिखाई दी। लखनलाल यादव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें कहीं आने-जाने के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। उन्होंने इस सहायता के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार प्रकट किया।
