
कुनकुरी। जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र से गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पुल से टकरा गई और नीचे जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि चालक की मौके पर ही मौत हो गई।मिली जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन क्रमांक JH-07M/9225 में आम लोड था और वाहन तपकरा की ओर से कुनकुरी की तरफ आ रहा था। बताया जा रहा है कि हादसे के समय वाहन में चालक अकेला सवार था।

यह दुर्घटना कुनकुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत खारी झरिया श्री नदी पुल पर तड़के करीब 4 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके बाद पिकअप पुल से टकराते हुए नीचे जा गिरी।घटना की सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है। पुलिस मृतक चालक की पहचान सहित अन्य आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।

