शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता: मंत्री दयाल दास बघेल
अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने और समस्याओं के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
रायपुर,




सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत नवागढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत झांकी स्थित शासकीय हाई स्कूल मैदान में आज जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री दयाल दास बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान एसडीएम नवागढ़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। शिविर में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं एवं मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं, जिनमें से अनेक का निराकरण मौके पर ही किया गया।

शिविर परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया। विभागीय अधिकारियों ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनकर आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ की।
हितग्राहियों को प्रमाण पत्र, कार्ड एवं योजनाओं का लाभ वितरित
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से हितग्राहियों को नोनी सुरक्षा योजना एवं सुकन्या समृद्धि योजना के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इसके साथ ही वरिष्ठ नागरिकों को प्रधानमंत्री वय वंदन योजना से संबंधित प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। खाद्य विभाग द्वारा पात्र परिवारों को नवीन राशन कार्ड वितरित किए गए, वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयुष्मान वय वंदन कार्ड प्रदान कर वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत हितग्राहियों को नवीन आवास की चाबियां भी सौंपी गईं। अपने पक्के घर की चाबी प्राप्त कर हितग्राहियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन एवं प्रशासन के प्रति आभार जताया।
जनता से संवाद कर आवेदन प्रस्तुत करने के लिए किया प्रेरित
मंत्री श्री दयाल दास बघेल ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए लोगों को जागरूक होना आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से अपनी समस्याएं लिखित आवेदन के माध्यम से प्रस्तुत करने की अपील की, ताकि उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शासन का उद्देश्य प्रशासन को गांव-गांव तक पहुंचाना है, जिससे आम नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिविरों के माध्यम से मौके पर ही समस्याओं का निराकरण एवं योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।
अधिकारियों को दिए जवाबदेही और संवेदनशीलता के निर्देश
मंत्री श्री बघेल ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई और कहा कि जन समस्याओं के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की दी जानकारी
अपने संबोधन में मंत्री श्री बघेल ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण एवं गरीब वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि नल-जल योजना के माध्यम से प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही प्रदेश में जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़े पैमाने पर आवास निर्माण कार्य संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने किसानों के हित में धान खरीदी, आयुष्मान योजना, महतारी वंदन योजना, राशन कार्ड निर्माण, सड़क निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों की जानकारी भी ग्रामीणों से साझा की।
विभिन्न समस्याओं के निराकरण के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश
शिविर में ग्रामीणों ने राशन कार्ड, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, बिजली, पेयजल, सीमांकन, नामांतरण एवं कृषि संबंधी समस्याएं रखीं। मंत्री श्री बघेल ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को पात्रता अनुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भीषण गर्मी को देखते हुए पेयजल एवं बिजली व्यवस्था सुचारु बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
