फ्रेंच ओपन चैंपियन ज्वेरेव विम्बलडन फाइनल में पहुंचे

लंदन, 10 जुलाई (एपी) फ्रेंच ओपन में पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने के महज एक महीने बाद जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव अब विम्बलडन के फाइनल में पहुंच गए हैं।

ऑल इंग्लैंड क्लब में शुक्रवार को खेले गए पुरुष एकल सेमीफाइनल में उन्होंने ब्रिटेन के वाइल्ड कार्ड खिलाड़ी आर्थर फेरी के शानदार अभियान का अंत किया। दूसरी वरीयता प्राप्त 29 साल के इस खिलाड़ी ने विश्व रैंकिंग में 114वें स्थान पर काबिज फेरी पर 7-6, 6-2, 6-4 से जीत दर्ज की।

इस जीत के बाद ज्वेरेव ने कहा, ‘‘विम्बलडन हमेशा मेरे लिए सबसे कठिन ग्रैंड स्लैम रहा है और अब मैं इसके फाइनल में हूं। रविवार को अभी एक मुकाबला और बाकी है, फिलहाल पूरा ध्यान उसी पर है।’

ज्वेरेव अब पेशेवर युग (1968 के बाद) में ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी बनने की कोशिश में हैं, जो अपना पहला ग्रैंड स्लैम जीतने के तुरंत बाद अगले ही ग्रैंड स्लैम का खिताब भी अपने नाम करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *