
पत्थलगांव। पत्थलगांव क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दीवानपुर निवासी 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने सड़क किनारे खड़े पिकअप वाहन को दुर्घटना की वजह बताते हुए पुलिस से वाहन मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।मिली जानकारी के अनुसार मृतक अजय कुमार यादव उर्फ सोनू, पिता खगेश्वर यादव, उम्र 25 वर्ष, निवासी दीवानपुर बाइक से पत्थलगांव की ओर आ रहा था। इसी दौरान लंझियापारा के पास सड़क से सटकर लगातार तीन पिकअप वाहन खड़े थे।

बताया जा रहा है कि युवक की बाइक अनियंत्रित होकर इनमें से एक पिकअप से टकरा गई।टक्कर इतनी गंभीर थी कि अजय के सिर पर गंभीर चोट आई। हादसे के बाद उसे उपचार के लिए पत्थलगांव अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने अंबिकापुर रेफर कर दिया। परिजन उसे अंबिकापुर लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में सीतापुर के पास उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
युवक की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का आरोप है कि सड़क से सटकर लापरवाहीपूर्वक पिकअप वाहन खड़े किए गए थे और इसी वजह से यह हादसा हुआ। परिजनों ने पुलिस के समक्ष आवेदन देकर संबंधित पिकअप वाहन मालिक के खिलाफ जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।फिलहाल मामले में परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

