
जशपुर के मंदिरों में जले समरसता के दीप, गुरु रविदास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपाजशपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी ‘समरसता संकल्प अभियान’ का शुभारंभ गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर जशपुर जिले में श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। अभियान के प्रथम चरण ‘समरसता दीप महोत्सव’ के अंतर्गत जिलेभर के मंदिरों में दीप प्रज्वलित कर सामाजिक समरसता, सद्भाव और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया गया।

जशपुर नगर स्थित बालाजी मंदिर में जशपुर विधायक रायमुनी भगत ने दीप प्रज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया, वहीं लोरो शिव मंदिर में पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने दीप प्रज्ज्वलित कर संत गुरु रविदास महाराज के समता, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इसके साथ ही जिले के सभी मंडलों एवं गांवों के मंदिरों में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज ने अपने जीवन से समानता, आत्मसम्मान, भाईचारे और सामाजिक न्याय का जो संदेश दिया, वही विकसित भारत की मजबूत नींव है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी इसी विचार को जन-आंदोलन का स्वरूप देते हुए ‘समरसता संकल्प अभियान’ के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने का कार्य कर रही है।कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने सामाजिक भेदभाव से मुक्त, समरस और सशक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया तथा संत गुरु रविदास महाराज के विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

इस संबंध जानकारी देते हुए जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने बताया कि इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, ममता कश्यप, पिंकी गुप्ता, कमला निराला, उमा देवी, शारदा प्रधान, नीतू गुप्ता, राजकुमार सिंह, देवधन नायक, रूपेश सोनी, गोविंद भगत, मुकेश सोनी, शरद चौरसिया, दीपक गुप्ता, द्वारिका मिश्रा, अनिता पैकरा, सतीश गोस्वामी, नागेंद्र भगत, रागिनी भगत, रमाशंकर गुप्ता सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
