समग्र शिक्षक फेडरेशन की कल हुई वार्ता का सार्थक परिणाम, जुलाई माह में किसी भी शिक्षक के वेतन में नहीं होगी कटौती

शिक्षा विभाग ने जारी किए निर्देश, छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन ने विधानसभा अध्यक्ष, शिक्षा मंत्री एवं स्कूल शिक्षा विभाग का जताया आभार

रायपुर। VSK ऐप के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति के आधार पर जुलाई माह के वेतन निर्धारण संबंधी आदेश को लेकर छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल द्वारा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) के संचालक ऋतुराज रघुवंशी एवं VSK प्रभारी हिमांशु भारती के साथ हुई चर्चा का सकारात्मक परिणाम सामने आया है।शिक्षा सचिव ने विभागीय बैठक में निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि जुलाई माह के वेतन में किसी भी शिक्षक के वेतन की कटौती नहीं की जाएगी। विभाग के इस निर्णय का फेडरेशन ने स्वागत करते हुए इसे शिक्षकों के हित में लिया गया महत्वपूर्ण निर्णय बताया है।छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन ने इस निर्णय के लिए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव तथा स्कूल शिक्षा विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राठौर ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई सार्थक चर्चा के बाद विभाग ने शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से समझते हुए सकारात्मक निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि VSK ऐप से जुड़ी तकनीकी समस्याएं वास्तविक एवं गंभीर हैं, जिन्हें विभाग ने शीघ्र दूर करने का आश्वासन दिया है।राठौर ने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन कभी भी ऑनलाइन उपस्थिति का विरोध नहीं करता, बल्कि VSK ऐप की तकनीकी खामियों के समाधान की मांग कर रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने विभाग के समक्ष हजारों शिक्षकों द्वारा दिए गए आवेदनों का उल्लेख करते हुए बताया कि समस्या केवल नेटवर्क की नहीं, बल्कि ऐप की तकनीकी कमियों की भी है। इस पर विभाग ने सभी समस्याओं के निराकरण का आश्वासन देते हुए विश्वास दिलाया कि शिक्षकों की शिकायतों का परीक्षण किए बिना किसी भी शिक्षक के वेतन में किसी प्रकार की कटौती नहीं की जाएगी।बैठक के दौरान विभागीय टीईटी (TET) से संबंधित विषयों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। इस पर संचालक ऋतुराज रघुवंशी ने फेडरेशन की इस महत्वपूर्ण मांग को राज्य सरकार तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया।चर्चा के उपरांत फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से भी मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मोदी की गारंटी के अनुरूप सहायक शिक्षको की वेतन विसंगति दूर करने साथ ही पुरानी सेवा की गणना कर शिक्षा विभाग के समस्त लाभ प्रदान करने तथा VSK ऐप की तकनीकी समस्याओं के पूर्ण समाधान तक ऑफलाइन उपस्थिति के आधार पर शिक्षकों का वेतन भुगतान किए जाने की मांग रखी। विधानसभा अध्यक्ष ने शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राठौर, प्रदेश संयोजक मनीष मिश्रा, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बसंत कौशिक, प्रदेश प्रवक्ता हुलेश चंद्राकर, प्रदेश सचिव राजू टंडन, प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र हरमुख सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *