बगीचा में ‘मेरा युवा भारत’ के तत्वावधान में स्वच्छता अभियान, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के लाइव संबोधन का सामूहिक श्रवण एवं नशा मुक्ति संकल्प कार्यक्रम संपन्न

बगीचा, 02 अगस्त।मेरा युवा भारत (MY Bharat), जशपुर द्वारा श्री रामकृष्ण आश्रम आवासीय विद्यालय, बगीचा में जिला युवा अधिकारी श्री साकेत मित्तल जी के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत” तथा “स्वच्छ भारत अभियान” के अंतर्गत भव्य जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के लाइव संबोधन के सामूहिक श्रवण से हुई। उपस्थित युवाओं एवं विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री जी के प्रेरणादायी विचारों को गंभीरता से सुना और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।इसके उपरांत विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में “एक कदम स्वच्छता की ओर” अभियान के तहत व्यापक स्वच्छता अभियान (श्र्रमदान) चलाया गया।

युवाओं, विद्यार्थियों एवं अतिथियों ने स्वयं झाड़ू लगाकर एवं कचरा एकत्रित कर यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है।कार्यक्रम में उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशा मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प दिलाया गया। उन्हें नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, समाज में जागरूकता फैलाने तथा राष्ट्रहित में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता और नशा मुक्ति दोनों ही विकसित भारत की मजबूत आधारशिला हैं। जब युवा नशे से दूर रहकर स्वच्छता, अनुशासन और राष्ट्र सेवा को अपनाएंगे, तभी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का “विकसित भारत 2047” का संकल्प साकार होगा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत बगीचा के अध्यक्ष श्री प्रभात सिडाम जी, उपाध्यक्ष श्री दिनेश शर्मा जी, जनपद पंचायत बगीचा के उपाध्यक्ष श्री अरविंद गुप्ता जी तथा वरिष्ठ भाजपा नेता श्री शंकर प्रसाद गुप्ता जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाने तथा समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनने का आह्वान किया।कार्यक्रम के सफल संचालन एवं आयोजन में विकास गुप्ता (माय भारत वॉलिंटियर, बगीचा), शुभम गुप्ता एवं अतुल कुजूर का विशेष योगदान रहा। आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि यदि युवा जागरूक होंगे तो समाज जागरूक होगा, समाज जागरूक होगा तो भारत निश्चित रूप से स्वच्छ, स्वस्थ, नशामुक्त और विकसित राष्ट्र बनेगा।
