
पत्थलगांव। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने किलकिला मार्ग की जर्जर स्थिति और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लड बैंक की सुविधा दोबारा शुरू करने की मांग को लेकर कलेक्टर के नाम पत्थलगांव तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में बताया गया कि सावन माह में किलकिला धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को सड़क पर फैली गिट्टी और खराब रास्ते के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। श्रद्धालुओं को आवागमन में दिक्कत हो रही है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। कार्यकर्ताओं ने सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।इसके अलावा, पत्थलगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लड बैंक की सुविधा फिर से शुरू करने की मांग भी उठाई गई। ज्ञापन में कहा गया कि क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं और सिकल सेल जैसी गंभीर बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में ब्लड बैंक की सुविधा बंद रहने से मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी हो रही है।प्रदेश किसान कांग्रेस के उपाध्यक्ष अतुल त्रिपाठी ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का जल्द समाधान किया जाना चाहिए। वहीं, युवा कांग्रेस अध्यक्ष रमेश यादव ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और मरीजों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को तत्काल कदम उठाने चाहिए। पार्षद जनार्दन पंकज ने भी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।इस दौरान मयंक रोहिला, शिव नामदेव डिस्को , राहुल यादव, मेघनाथ डहरिया, पुनी, पंकज लकड़ा, मणि चौहान , रोषू फोटवानी,और गौतम सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
