
पत्थलगांव। जशपुर जिले के पत्थलगांव वन परिक्षेत्र में पदस्थ वन परिक्षेत्राधिकारी कृपा सिंधु पैंकरा के लिए स्वतंत्रता दिवस 2026 का अवसर गौरवपूर्ण उपलब्धि लेकर आया। उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें एक के बाद एक तीन प्रशस्ति पत्र प्राप्त हुए हैं।जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में उन्हें पहला प्रशस्ति पत्र हाथी-मानव द्वंद्व को न्यूनतम करने के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए तथा दूसरा प्रशस्ति पत्र वन अपराध नियंत्रण में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रदान किया गया।

इसके बाद राज्य स्तरीय समारोह में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हाथों कृपा सिंधु पैंकरा को वन एवं पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन तथा वन विकास कार्यों में उल्लेखनीय योगदान के लिए तीसरा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।लगातार तीन प्रशस्ति पत्र मिलने से कृपा सिंधु पैंकरा के कार्यों की जिला एवं राज्य स्तर पर सराहना हुई है। हाथी-मानव द्वंद्व को कम करने के लिए जागरूकता, त्वरित रिस्पॉन्स और ग्रामीणों के साथ समन्वय से किए जा रहे प्रयासों के साथ ही वन अपराधों पर नियंत्रण, अवैध कटाई, शिकार एवं तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में उनकी भूमिका को भी सराहा गया है।

तीन अलग-अलग उपलब्धियों के लिए तीन सम्मान मिलने से पत्थलगांव वन परिक्षेत्र के वनकर्मियों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कृपा सिंधु पैंकरा को बधाई देते हुए इसे वन विभाग के लिए भी गौरव का क्षण बताया।

