राज्य सहकारी विपणन संघ की बोर्ड बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय

व्यावसायिक गतिविधियों, बजट, उर्वरक, बीज, सदस्यता एवं प्रशासनिक विषयों पर विस्तृत समीक्षा

रायपुर,

छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित की आगामी व्यावसायिक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से बुधवार 9 सितम्बर को नवा रायपुर अटल नगर स्थित संघ मुख्यालय में बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के प्राधिकृत अधिकारी एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त श्री शशिकांत द्विवेदी ने की। बैठक में संघ के वित्तीय, प्रशासनिक एवं व्यावसायिक कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर आवश्यक अनुमोदन एवं निर्णय लिए गए।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के पुनरीक्षित बजट तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही वार्षिक साधारण सम्मेलन के कार्यवृत्त एवं पूर्व बैठक में लिए गए निर्णयों के क्रियान्वयन की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

बोर्ड बैठक में संपरीक्षा एवं ऑडिट प्रतिवेदन, सदस्यता संबंधी आवेदन, इफ्को की अंश राशि में वृद्धि, राष्ट्रीय बीज सहकारी समिति की सदस्यता, धान सूखत के मापदण्ड, रासायनिक उर्वरकों की उपलब्धता एवं अन्य व्यावसायिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। संघ के कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक निर्णयों को अनुमोदित किया गया।

बैठक में इसके अतिरिक्त वेतन मैट्रिक्स में संशोधन, विभिन्न वाहनों की बिक्री, लंबित परिवहन व्यय की प्रतिपूर्ति तथा उच्च न्यायालय में संघ के पक्ष-प्रतिरक्षण हेतु अधिवक्ता की नियुक्ति सहित अन्य प्रशासनिक एवं संस्थागत विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के दौरान प्राधिकृत अधिकारी एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त श्री शशिकांत द्विवेदी ने संघ की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं परिणाममुखी बनाने पर बल देते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संघ की व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार तथा किसानों और सहकारी संस्थाओं के हितों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए सभी निर्णयों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *