
जशपुर, 12 सितंबर 2026।
कुनकुरी थाने में कथित पत्रकार अमित पांडे के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक एवं कथित रूप से साम्प्रदायिक वैमनस्य फैलाने वाली पोस्ट किए जाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई पूर्व संसदीय सचिव एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष यू.डी. मिंज की शिकायत के आधार पर की गई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अमित पांडे के फेसबुक अकाउंट से पिछले कुछ दिनों में यू.डी. मिंज, कांग्रेस पार्टी तथा एक धार्मिक समुदाय को लेकर लगातार पोस्ट और वीडियो प्रसारित किए गए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इन पोस्टों में ऐसी शब्दावली का इस्तेमाल किया गया, जिससे विभिन्न समुदायों के बीच शत्रुता, घृणा एवं वैमनस्य उत्पन्न होने की आशंका है।
इन धाराओं के तहत
शिकायत में भारतीय न्याय संहिता, धारा 196(1), 3-1(u)SCH, 3(va), 353(2),धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

सोशल मीडिया पोस्टों को बनाया आधार
शिकायत में अमित पांडे के फेसबुक अकाउंट से की गई कई पोस्टों और वीडियो का उल्लेख किया गया है। इनमें यू.डी. मिंज के राजनीतिक कार्यकाल, कांग्रेस संगठन तथा विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संदर्भों को लेकर कथित टिप्पणियों का जिक्र है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि कुछ पोस्टों में धार्मिक आधार पर समुदायों के बीच वैमनस्य बढ़ाने वाली भाषा का इस्तेमाल किया गया, जबकि अन्य पोस्टों को यू.डी. मिंज की सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने वाला और दुर्भावनापूर्ण बताया गया है।
शिकायत के साथ संबंधित फेसबुक पोस्टों के स्क्रीनशॉट और URL भी संलग्न किए जाने का उल्लेख है।

मुख्य षडयंत्रकारी की जांच की भी मांग
यू.डी. मिंज की शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि पोस्टों की लगातार श्रृंखला और उनमें इस्तेमाल किए गए दस्तावेजों से यह आशंका है कि अमित पांडे के पीछे कोई अन्य व्यक्ति या समूह हो सकता है। शिकायत में पुलिस से कथित मुख्य षडयंत्रकारी अथवा दुष्प्रेरक की पहचान करने और उसके विरुद्ध भी कार्रवाई की मांग की गई है।
इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य सुरक्षित कराने की मांग

चूंकि मामला सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़ा है, शिकायत में फेसबुक/मेटा से संबंधित पोस्ट, वीडियो, लॉग्स, IP डेटा और अन्य इलेक्ट्रॉनिक अभिलेख सुरक्षित कराने की मांग भी की गई है। इसके अलावा संबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जब्त कर साक्ष्य जुटाने का अनुरोध किया गया है।
कुनकुरी पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर सोशल मीडिया पोस्ट, शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
