
जशपुर। जिला स्तरीय लोहार समाज संगठन सह सेवा समिति जशपुर के तत्वावधान में भगवान विश्वकर्मा पूजा एवं सामाजिक सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लोहार समाज के प्रबुद्धजन, पदाधिकारी, माताएं-बहनें, युवा एवं आमजन बड़ी संख्या में शामिल हुए। आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकजुटता, शिक्षा, संस्कार और समाज के विकास को लेकर विचार-विमर्श किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय शामिल हुए। उनके साथ पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष सुनील गुप्ता,

किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष दिनेश चौधरी, जिला कार्यसमिति सदस्य भाजयुमो भूषण वैष्णव, मंडल अध्यक्ष रवि यादव, लोहार समाज जिला अध्यक्ष विजय विश्वकर्मा सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

उपस्थित लोगों ने भगवान विश्वकर्मा से समाज एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और उन्नति की कामना की। कार्यक्रम के दौरान समाज के वरिष्ठजनों एवं पदाधिकारियों ने सामाजिक गतिविधियों, युवाओं की भूमिका तथा आने वाली पीढ़ी को शिक्षा एवं संस्कार से जोड़ने की आवश्यकता पर अपने विचार रखे।

समाज की एकजुटता विकास की आधारशिला : सालिक सायइस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने कहा कि लोहार समाज का इतिहास मेहनत, हुनर और कर्मठता से जुड़ा हुआ है। भगवान विश्वकर्मा की परंपरा हमें अपने कार्य के प्रति समर्पण, रचनात्मकता और परिश्रम की प्रेरणा देती है। समाज की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और इसी एकजुटता के माध्यम से सामाजिक एवं आर्थिक विकास की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।उन्होंने कहा कि समाज को अपनी परंपराओं और संस्कृति को सहेजते हुए शिक्षा को विशेष प्राथमिकता देनी चाहिए। आज के समय में बच्चों और युवाओं को बेहतर शिक्षा, कौशल एवं रोजगार के अवसरों से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने समाज के युवाओं से आगे आकर सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।सुनील गुप्ता ने कहा कि सामाजिक सम्मेलन केवल आपसी मुलाकात का माध्यम नहीं है, बल्कि ऐसे आयोजन समाज की समस्याओं, आवश्यकताओं और भविष्य की दिशा पर सामूहिक चिंतन का अवसर भी प्रदान करते हैं। समाज के वरिष्ठजनों के अनुभव और युवाओं की ऊर्जा के साथ मिलकर समाज को नई दिशा दी जा सकती है।
