ठाकुर शोभा सिंह शासकीय महाविद्यालय में एनसीसी कैडेट्स ने मनाई गांधी जयंती, स्वच्छता अभियान चलाकर दिया स्वच्छता का संदेश

पत्थलगांव। 28 छत्तीसगढ़ बटालियन एनसीसी, रायगढ़ के अंतर्गत ठाकुर शोभा सिंह शासकीय महाविद्यालय, पत्थलगांव में 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य महोदय, शिक्षकगण एवं एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस अवसर पर महात्मा गांधी के जीवन, उनके विचारों तथा देश की स्वतंत्रता में उनके महत्वपूर्ण योगदान को याद किया गया। उपस्थित प्राचार्य महोदय एवं शिक्षकगण ने गांधी जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा सत्य, अहिंसा, शांति और सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।

गांधी जयंती के अवसर पर एनसीसी कैडेट्स द्वारा महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। कैडेट्स ने परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने लोगों से अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने, कचरे को निर्धारित स्थान पर डालने तथा स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।

कार्यक्रम के माध्यम से एनसीसी कैडेट्स ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने, सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *