
पत्थलगांव। औघड़ बाबा आश्रम शेखरपुर में उस समय उत्साह का माहौल बन गया, जब वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एवं एडिशनल डीजी गुरजिंदर पाल सिंह आश्रम पहुंचे। उन्होंने आश्रम में निशुल्क अध्ययनरत बच्चों से मुलाकात की और उनके साथ समय बिताते हुए शिक्षा, अनुशासन एवं बेहतर भविष्य को लेकर मार्गदर्शन दिया।

आश्रम पहुंचने पर उन्होंने परिसर में वृक्षारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद आश्रम में अध्ययनरत करीब 500 विद्यार्थियों को चॉकलेट वितरित की। बच्चों के बीच पहुंचकर उन्होंने उनकी पढ़ाई और दिनचर्या के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया।

वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी ने आश्रम के बच्चों के साथ भोजन भी किया। उन्होंने आश्रम की साफ-सफाई, व्यवस्था और अनुशासन को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की। आश्रम में रहकर शिक्षा प्राप्त कर रहे गरीब एवं अनाथ बच्चों से मुलाकात के दौरान उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर गुरजिंदर पाल सिंह ने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा और संस्कार देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना समाज की सबसे बड़ी जिम्मेदारियों में से एक है। ऐसे बच्चों के बीच आकर उन्हें प्रोत्साहित करना और उनके साथ समय बिताना बेहद सुखद अनुभव है।

उन्होंने बच्चों को निरंतर मेहनत करने, अनुशासन में रहने और अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।उन्होंने आश्रम की व्यवस्थाओं और बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की भी सराहना की। आश्रम की स्वच्छता एवं सकारात्मक वातावरण देखकर उन्होंने खुशी जाहिर की।इस दौरान आश्रम के बाबा संतोष ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी गुरजिंदर पाल सिंह का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।

उन्होंने आश्रम की गतिविधियों, उपलब्धियों तथा यहां निशुल्क शिक्षा प्राप्त कर रहे बच्चों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।कार्यक्रम के दौरान आश्रम के बच्चे एवं कर्मचारी मौजूद रहे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के साथ समय बिताकर बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
