दीपावली पर अघोर आश्रम शेखरपुर में मां काली की विशेष पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ पूजन; श्रद्धालुओं को बांटी गई महाप्रसादी

दीपावली के शुभ अवसर पर पारंपरिक विधि-विधान से हुई मां काली की आराधना, देर रात तक भक्तिमय माहौल में जुटे रहे श्रद्धालु

पत्थलगांव। दीपावली पर्व के पावन अवसर पर शेखरपुर स्थित अघोर आश्रम में मां काली की विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस दौरान वैदिक एवं अघोर मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से मां काली के विग्रह का पूजन किया गया। पूजा-अर्चना में बड़ी संख्या में अघोर भक्तों सहित स्थानीय श्रद्धालुओं ने हिस्सा लेकर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।

अघोर पंथ में दीपावली के अवसर पर मां काली की आराधना का विशेष महत्व माना जाता है। इसी परंपरा के अनुरूप रविवार, 8 नवंबर की रात्रि को आश्रम मंदिर में स्थापित मां काली के विग्रह का पारंपरिक रीति-रिवाज एवं अघोर विधि-विधान से पूजन किया गया।पूजन से पूर्व आश्रम में उपस्थित अघोर भक्तों के साथ अन्य श्रद्धालुओं ने भी पूजा-अर्चना में भाग लिया। इसके पश्चात आश्रम के संचालक संतोष बाबा के सानिध्य में श्रद्धालुओं द्वारा आरती की गई।

मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा आश्रम भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।पूजा के समापन के पश्चात देर रात आश्रम की ओर से उपस्थित श्रद्धालुओं एवं आमजनों के बीच महाप्रसादी का वितरण किया गया। बता दे कि अघोर परंपरा में बाहरी आडंबर की अपेक्षा आंतरिक साधना, श्रद्धा और शुद्ध भाव को अधिक महत्व दिया जाता है। इस परंपरा का मूल संदेश है कि ईश्वर सर्वव्यापी हैं और सच्ची श्रद्धा एवं निर्मल भाव से उनकी आराधना की जानी चाहिए।शेखरपुर में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान ने दीपावली के अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *