जशपुर से 12 हजार कार्यकर्ताओं की सहभागिता का लक्ष्य, कांसाबेल में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक सम्पन्न

जशपुर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आगामी 15 नवंबर को धरमजयगढ़ में आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन विशेष रूप से शामिल होंगे। उनके छत्तीसगढ़ प्रवास और कार्यक्रम की व्यापक तैयारियों को लेकर कांसाबेल में भाजपा की जिला स्तरीय महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जशपुर जिले से लगभग 12 हजार लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए मंडलवार जिम्मेदारियों एवं आयोजन की सफलता की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।बैठक की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह ने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत और समर्पण के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि जनजातीय समाज के सम्मान, स्वाभिमान और गौरवशाली विरासत को नमन करने का अवसर है। जशपुर जिले से बड़ी संख्या में सहभागिता सुनिश्चित कर इस आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप देना है।जिला संगठन प्रभारी अमर सुल्तानिया ने संगठनात्मक तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि 14 नवंबर को सभी मंडलों में महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई कर शाम को दीप प्रज्वलन किया जाएगा। वहीं 16 एवं 17 नवंबर को प्रत्येक मंडल में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और विचारों पर संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी मंडल अध्यक्षों को कार्यक्रमों की जिम्मेदारी गंभीरता से निभाने के निर्देश दिए।छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि जनजातीय बहुल क्षेत्रों में जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन हमारी सरकार की जनजातीय समाज के प्रति सम्मान और प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

भगवान बिरसा मुंडा का जीवन त्याग, संघर्ष, साहस और मातृभूमि के प्रति अदम्य समर्पण की प्रेरणादायी गाथा है। उन्होंने जनजातीय समाज के अधिकारों, अस्मिता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देता रहेगा।

मंत्री जायसवाल ने जिले को दिए गए सहभागिता के लक्ष्य पर विश्वास जताते हुए कहा कि भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता इसे अवश्य पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए गौरव और सौभाग्य की बात है कि प्रदेश के पूर्व प्रभारी रहे नितिन नवीन राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। उनका यह प्रवास और जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन ऐतिहासिक होगा।

पत्थलगांव विधायक एवं गुजरात प्रदेश भाजपा की सह प्रभारी श्रीमती गोमती साय ने अपने उद्बोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन जनजातीय समाज के स्वाभिमान, संघर्ष और अधिकारों की रक्षा का अमिट प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस के माध्यम से देश भगवान बिरसा मुंडा के ऐतिहासिक योगदान और जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति एवं परंपराओं का स्मरण कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जनजातीय समाज के सम्मान, उत्थान और विकास को नई प्राथमिकता दे रही है। धरमजयगढ़ में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम जनजातीय समाज के गौरव और सम्मान को व्यापक स्वर देने का अवसर है। उन्होंने जशपुर जिले से अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने तथा सभी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया।धरमजयगढ़ में आयोजित यह भव्य कार्यक्रम जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत को सम्मान देने के साथ भगवान बिरसा मुंडा के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा। बैठक में मंडलवार कार्यक्रम की सफलता, कार्यकर्ताओं की सहभागिता और अधिकाधिक जनसमुदाय की उपस्थिति सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।बैठक का संचालन जिला महामंत्री मुकेश शर्मा ने किया।उक्त जानकारी देते हुए जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने बताया कि बैठक में जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत, पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, प्रदेश भाजपा कोषाध्यक्ष राम गर्ग, निगम अध्यक्ष सुरेंद्र बेसरा, पूर्व जिलाध्यक्ष नरेश नन्दे, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, सरगुजा जिला सह प्रभारी सुनील गुप्ता, जिला महामंत्री मनीष अग्रवाल, नगरपालिका उपाध्यक्ष यशप्रताप सिंह जूदेव, भाजयुमो अध्यक्ष विजय आदित्य सिंह जूदेव, आनंद शर्मा, राजकपूर भगत, आलोक सारथी, श्रीनायक मिश्रा, शरद चौरसिया, श्यामलाल भगत, शांति भगत, गोविंद भगत, रीना बरला, सुदामा पांडा, गणेश जैन, देवधन नायक, अनूप नारायण सिंह, दिनेश प्रसाद, हदीस अंसारी, हेमंत बंजारा, राजकुमार गुप्ता, असलम आजाद, मुकेश सोनी, संजीव ओझा, मीना चौहान, बॉबी ताम्रकार, राजा सोनी, नेहरू सिंह, उमेश यादव, विशाल अग्रवाल, सरोजनी सिंह, प्रतीक सिंह, केशव पांडे, सीताराम गुप्ता, संजय लोहिया सहित सभी मंडलों के अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
