जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों को लेकर प्रबल प्रताप सिंह जूदेव के नेतृत्व में माता धामपुजारी–गुनिया–बैगा समन्वय समिति की विशेष बैठक संपन्न

पत्थलगांव (जशपुर)। 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय श्री नितिन नवीन जी के प्रस्तावित धरमजयगढ़ प्रवास को ऐतिहासिक एवं भव्य बनाने के उद्देश्य से किलकिला शिव मंदिर, पत्थलगांव में प्रबल प्रताप सिंह जूदेव के नेतृत्व में माता धाम पुजारी–गुनिया–बैगा समन्वय समिति की विशेष बैठक आयोजित की गई।उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व भाजपा छत्तीसगढ़ की प्रदेश प्रभारी आदरणीय श्रीमती स्मृति ज़ुबिन ईरानी जी भी कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा एवं संगठनात्मक समन्वय के लिए धरमजयगढ़ पहुंची थीं, जहां उन्होंने बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे।

इसी क्रम में आयोजित इस बैठक में जनजातीय समाज की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने तथा 10,000 से अधिक धर्मयोद्धाओं की संभावित उपस्थिति को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। पत्थलगांव, लैलूंगा, धरमजयगढ़, सीतापुर, जशपुर एवं कुनकुरी विधानसभा क्षेत्रों से धर्मयोद्धाओं की सहभागिता एवं विधानसभा-वार संख्या का आकलन किया गया। साथ ही धर्मयोद्धाओं के आगमन, बैठने एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया।भगवान बिरसा मुंडा ने जिस अदम्य साहस, त्याग और समर्पण के साथ जनजातीय संस्कृति, परंपराओं, आस्था एवं स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, उसी प्रेरणा और संकल्प के साथ ये धर्मयोद्धा भी दिन-रात जनजातीय संस्कृति एवं सांस्कृतिक अस्मिता के संरक्षण के लिए अनवरत कार्य कर रहे हैं। धर्मांतरण के माध्यम से जनजातीय समाज की मूल आस्था, परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान को प्रभावित करने वाली ताकतों के विरुद्ध ये धर्मयोद्धा दृढ़ता से खड़े हैं। उनका यह प्रयास अपनी गौरवशाली विरासत को सुरक्षित रखते हुए आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का संकल्प है।इस अवसर पर प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने जनजातीय समाज के मान-सम्मान, आस्था, परंपराओं एवं सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए समाज की एकजुटता और सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि जनजातीय समाज के शौर्य, स्वाभिमान, गौरवशाली परंपराओं और राष्ट्र निर्माण में उसके अतुलनीय योगदान को नमन करने का अवसर है।बैठक में कपिल शास्त्री, टीकाराम पटेल, विनय पांडेय, लिंगराज जी सहित क्षेत्र के माननीय गुरुजन, माताओं-बहनों एवं वरिष्ठजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *