
कुनकुरी, 26 नवंबर। उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कुनकुरी में बुधवार को संविधान दिवस बड़े हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर भारतरत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को याद करते हुए भारतीय संविधान के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. जोनसन लकड़ा ने दीप प्रज्वलित कर एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इसके पश्चात महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं ने एक साथ संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया।

इस अवसर पर अधिष्ठाता डॉ. जोनसन लकड़ा ने संविधान के महत्व, नागरिकों के मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद करते हुए कहा कि संविधान हमारे देश की आत्मा है। युवाओं को संविधान का सम्मान करना चाहिए और उसके नियमों का पालन करते हुए देश के विकास में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक डॉ. दयासागर, डॉ. शशिकला लकड़ा, डॉ. कृष्णा गुप्ता, डॉ. नूपुर जायसवाल, श्री रवि कुमार, सुश्री प्रतिक्षा भगत सहित समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।अंत में आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

।
