किलकिला में आबकारी विभाग की छापेमार कार्रवाई, ग्राहक का इंतजार कर रहा आरोपी गिरफ्तार; 14 लीटर महुआ शराब जब्त

पत्थलगांव। जिले में अवैध मदिरा के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन एवं जिला आबकारी अधिकारी पवन नेताम के नेतृत्व में आबकारी वृत्त पत्थलगांव की टीम ने ग्राम किलकिला में छापेमार कार्रवाई करते हुए अवैध महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान टीम ने कुल 14 लीटर महुआ शराब जब्त की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग की टीम को ग्राम किलकिला में अवैध महुआ शराब बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी नैहर साय, निवासी बहनाटांगर, कथित रूप से शराब बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार करते हुए मिला। टीम ने उसके कब्जे से 14 लीटर महुआ शराब जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया।आबकारी विभाग ने आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल दाखिल कराया गया।इस छापेमार कार्रवाई में विवेचक अधिकारी धर्मेंद्र कुमार शुक्ला के नेतृत्व में आबकारी विभाग की टीम शामिल रही। कार्रवाई में आबकारी मुख्य आरक्षक छक्के लाल गुप्ता, जुगल पटेल तथा नगर सैनिक मंजीत महेश्वरी एवं नीलू कुजूर का योगदान रहा।आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग द्वारा अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *