मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने किया डोड़की नदी पर नवनिर्मित उच्चस्तरीय पुल का लोकार्पण

6 करोड़ 55 लाख 53 हजार रुपये की लागत से बना 120 मीटर लंबा पुल, 10 गांवों के 7,471 ग्रामीणों को मिलेगी आवागमन की सुविधा

बरसात में आवागमन की बाधा होगी दूर, दर्जनों गांवों के लोगों को कुनकुरी होकर लंबा रास्ता तय करने की मजबूरी से मिलेगी राहत

जशपुरनगर। ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा को बेहतर बनाने और गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कुनकुरी विकासखंड के नारायणपुर-गौता-रजौटी मार्ग पर डोड़की नदी में नवनिर्मित उच्चस्तरीय पुल का लोकार्पण किया। 6 करोड़ 55 लाख 53 हजार रुपये की लागत से निर्मित 120 मीटर लंबे इस पुल से क्षेत्र के 10 गांवों के 7,471 ग्रामीणों को सीधे आवागमन की सुविधा मिलेगी। वहीं, आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों के लिए भी आवागमन की दूरी कम होगी और वर्षों पुरानी परेशानी से राहत मिलेगी।डोड़की नदी पर पुल का निर्माण क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग और आवश्यकता को पूरा करने वाला महत्वपूर्ण कार्य है। विशेषकर बरसात के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ने से रास्ता बाधित हो जाता था। ग्रामीणों को नदी पार करने में परेशानी उठानी पड़ती थी और कई बार जरूरी कामों के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता था। अब पुल के शुरू होने से बारिश के मौसम में भी आवागमन सुगम रहेगा और ग्रामीणों को सालभर बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी।

दर्जनों गांवों के लोगों को मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी

रजौटी के पास डोड़की नदी पर पुल बन जाने से कलीबा, गोरिया, चराईखारा, जोकबहला, बेहराखार, पकरीकछार सहित आसपास के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को विशेष लाभ मिलेगा। इन गांवों के लोगों के लिए नारायणपुर थाना, वन कार्यालय, बैंक, बिजली उपकेंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचना पहले की तुलना में आसान होगा।बरसात के दौरान नदी में पानी बढ़ने से इन क्षेत्रों का संपर्क प्रभावित होता था। आवश्यक कार्यों के लिए ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ती थी। अब पुल के माध्यम से विभिन्न गांवों के बीच संपर्क मजबूत होगा और ग्रामीणों को प्रशासनिक एवं अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।

कुनकुरी होकर लंबा रास्ता तय करने की मजबूरी होगी खत्म

डोड़की नदी पर पुल निर्माण का लाभ केवल आसपास के गांवों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे एक बड़े ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी। नारायणपुर, रानीकोम्बो, मटासी, बरडाँड़, दाराखरिका तथा बगीचा विकासखंड के बच्छरांव और गायलूंगा सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को बंदरचुंवा, फरसाबहार, बागबहार, बगिया और दोकड़ा जाने के लिए अब कुनकुरी होकर लंबा रास्ता तय करने की मजबूरी से राहत मिलेगी।इससे ग्रामीणों के समय और यात्रा खर्च दोनों की बचत होगी। बाजार, सरकारी कार्यालयों, बैंक और अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचना आसान होगा। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों के बीच व्यापारिक और सामाजिक संपर्क को भी बढ़ावा मिलेगा।

स्कूली बच्चों और मरीजों के लिए बड़ी राहत

पुल शुरू होने से विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज आने-जाने में विशेष सुविधा मिलेगी। पहले बरसात के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ने से बच्चों का रास्ता बाधित हो जाता था। कई बार उन्हें पढ़ाई के लिए आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब पुल बनने से बच्चे बारिश के मौसम में भी आसानी से स्कूल पहुंच सकेंगे और उनकी पढ़ाई नियमित रूप से जारी रह सकेगी।इसी तरह मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल एवं स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचने में सहूलियत होगी। आपातकालीन परिस्थितियों में एंबुलेंस और अन्य वाहनों की आवाजाही भी आसान होगी, जिससे जरूरत के समय लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में मदद मिलेगी।

किसानों, व्यापारियों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा

बेहतर आवागमन सुविधा का लाभ क्षेत्र के किसानों और व्यापारियों को भी मिलेगा। किसान अपनी कृषि उपज को बाजार एवं खरीदी केंद्रों तक आसानी से पहुंचा सकेंगे। खाद, बीज और अन्य कृषि सामग्री के परिवहन में समय और संसाधनों की बचत होगी। वहीं, व्यापारियों को भी विभिन्न गांवों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। इससे स्थानीय व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।

ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में सड़क, पुल और पुलियों के निर्माण के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। डोड़की नदी पर निर्मित यह उच्चस्तरीय पुल इसी क्रम में ग्रामीण अधोसंरचना के विस्तार का महत्वपूर्ण उदाहरण है।पुल के लोकार्पण से क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी है। वर्षों से बरसात में आवागमन की समस्या और लंबा रास्ता तय करने की परेशानी झेल रहे लोगों को अब राहत मिलेगी। शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग, कृषि, व्यापार और प्रशासनिक सेवाओं तक पहुंच आसान होने के साथ ही आसपास के गांवों के बीच संपर्क व्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *