
दिल्ली। तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में माई होम इंडिया द्वारा आयोजित 8th North East Students’ Festival (NES.t Fest 2025) एक भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन के रूप में सम्पन्न हुआ। यह महोत्सव पूर्वोत्तर भारत की समृद्ध संस्कृति, संगीत और परंपराओं का उत्सव है, जिसका उद्देश्य देशभर के युवाओं, उद्यमियों और नीति-निर्माताओं को एक साथ लाकर राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक समरसता को सशक्त बनाना है।

इस वर्ष का आयोजन संस्कृति से जलवायु तक: युवा जनादेश थीम पर 3 और 4 अक्टूबर 2025 को हुआ। कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता जी और मिजोरम के राज्यपाल एवं पूर्व सेना प्रमुख जनरल वी. के. सिंह जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर भाजपा छत्तीसगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं घर वापसी प्रमुख श्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव को समाज एवं राष्ट्र निर्माण में उनके उत्कृष्ट योगदान और घर वापसी अभियान के माध्यम से जनजागरण के कार्यों के लिए विशेष सम्मान से अलंकृत किया गया।सम्मान समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री सुनील देवधर जी सहित देश के विभिन्न प्रदेशों के गणमान्यजन, राजनीतिज्ञ, केंद्रीय मंत्री, समाजसेवी, शिक्षाविद, उद्यमी तथा मीडिया जगत के प्रतिष्ठित व्यक्ति उपस्थित रहे।

सम्मान प्राप्ति के पश्चात श्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कहा यह सम्मान केवल मेरा नहीं, बल्कि उन सभी कार्यकर्ताओं, समाजबंधुओं और जनजातीय भाइयों-बहनों का है जो घर वापसी के इस पावन अभियान में मेरे साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलते हैं। यह सम्मान वास्तव में जनजातीय समाज की अपनी जड़ों की ओर लौटने की आस्था और घर वापसी आंदोलन के प्रति विश्वास का प्रतीक है।

माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में आज उत्तर-पूर्व नई ऊर्जा, विश्वास और विकास का प्रतीक बन चुका है। यह सम्मान मुझे और अधिक जिम्मेदारी का अहसास कराता है कि मैं राष्ट्र, धर्म और समाज की सेवा में और दृढ़ संकल्प के साथ कार्य करूँ।प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने उत्तर-पूर्व के आठ राज्यों को अष्ट लक्ष्मी की संज्ञा दी है असम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, त्रिपुरा और सिक्किम। यह शब्द इन राज्यों की सांस्कृतिक, सामाजिक और आर्थिक विविधता तथा भारत की समृद्धता के प्रतीक के रूप में प्रयुक्त होता है।माई होम इंडिया संस्था ने उत्तर-पूर्व के युवाओं के सशक्तिकरण और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं।इस भव्य समारोह में देशभर से आए उत्तर-पूर्व के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की एकता, विविधता और अखंडता की अद्भुत झलक प्रस्तुत की।

