भक्ति और संस्कृति के रंगों में रंगा जोगपाल पब्लिक स्कूल, छात्राओं ने दी छठ पर्व की मनमोहक प्रस्तुति

पत्थलगांव। जोगपाल पब्लिक स्कूल में आज दिनांक 28 अक्टूबर 2024, मंगलवार को छठ महापर्व बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर भक्ति, संगीत और रंगों से सराबोर रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ, जिसके बाद कक्षा 11वीं की छात्रा अंशिका मित्तल ने छठ पर्व के महत्व पर मनमोहक विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि यह पर्व देशभर में आस्था और पवित्रता का प्रतीक है, जिसे मुख्य रूप से बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और पूर्वी भारत में बड़ी श्रद्धा के साथ मनाया जाता है।

अंशिका ने कहा कि इस पर्व में महिलाएं 36 घंटे का निर्जला व्रत रखती हैं, जो उनके अटूट विश्वास, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने छठ के चारों दिनों — नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य — की परंपराओं का सुंदर वर्णन किया।इसके बाद छात्राओं ने नृत्य और नाटक के माध्यम से छठ पर्व की भावनाओं को जीवंत कर दिया।

मंच पर प्रस्तुत उनकी कलात्मक झलकियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया और वातावरण को पूर्णतः आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रंगों से भर दिया।विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनय राय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “छठ पूजा पूर्णतः प्रकृति और सूर्य उपासना से जुड़ा पर्व है। यह हमें स्वच्छता, संयम और कृतज्ञता का संदेश देता है। हमें प्रकृति और सूर्य की ऊर्जा के प्रति आभार प्रकट करना चाहिए।

”कार्यक्रम में एडमिनिस्ट्रेटर मनजोत सिंह भाटिया, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी को प्रसाद वितरण किया गया और वातावरण “छठ मैया की जय” के जयकारों से गूंज उठा। इस प्रकार छठ पूजा का यह सांस्कृतिक कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *