
पत्थलगांव। प्रशासन इन दिनों धान खरीदी केंद्रों में बिचौलियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी बनाए हुए है। जिला कलेक्टर के निर्देशन और पत्थलगांव एसडीएम के मार्गदर्शन में मंगलवार को तमता धान खरीदी केंद्र में विशेष निरीक्षण किया गया। इस दौरान तहसीलदार प्रांजल मिश्रा एवं भीष्म पटेल की टीम ने गंभीर अनियमितताओं का खुलासा किया। जानकारी के अनुसार प्रशासन को पूर्व में सूचना मिली थी कि एक किसान ने अपना वास्तविक स्टॉक खत्म होने के बावजूद बिचौलियों के माध्यम से धान विक्रय करने की जुगाड़ कर रखी है।

जांच में पाया गया कि किसान फुलजन बड़ा ने 01/12/2025 को 100 क्विंटल का ऑनलाइन टोकन कटाया था, जिसमें से उसने 61.20 क्विंटल धान विक्रय किया था। मंगलवार को दोबारा उसने 76 क्विंटल का नया ऑनलाइन टोकन कटवाकर धान केंद्र में पहुंचाया। सख्ती से पूछताछ करने पर किसान ने स्वीकार किया कि यह धान उसके टोकन पर दिलेश्वर यादव द्वारा विक्रय हेतु लाया गया था। निरीक्षण टीम ने मौके पर लाए गए 90 बोरी धान को जप्त कर समिति प्रबंधक के सुपुर्द कर दिया। साथ ही किसान के शेष रकबे का तुरंत समर्पण भी कराया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की अनियमितता, बिचौलिए की भूमिका के जरिए धान विक्रय की कोशिश पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

