
जशपुर। ग्राम पंचायत बच्छराँव, विकासखंड बगीचा के ग्रामीणों ने भूमि बंटन में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव से विजय विहार में मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया। ग्रामीणों का आरोप है कि भूमि आवंटन के दौरान गंभीर त्रुटियाँ हुई हैं, जिससे गांव के करीब 131 परिवार प्रभावित हो रहे हैं।गढ़वासियों के अनुसार जिन भूमि पर पहले से परिवारों का कब्जा था, उससे अलग दूसरी भूमि का बंटन कर दिया गया है। कई मामलों में किसी और के कब्जे वाली जमीन का आवंटन दूसरे व्यक्ति को कर दिया गया, जिसके चलते गांव में तनाव की स्थिति बन गई है।इस पर जूदेव ने कहा कि बच्छराँव के ग्रामीणों द्वारा उठाई गई समस्या तत्कालीन अधिकारियों की गंभीर चूक का परिणाम है। मौके का निरीक्षण और वास्तविक कब्जाधारियों का सत्यापन कर यदि सही आवंटन किया गया होता, तो आज यह स्थिति नहीं उत्पन्न होती। उन्होंने कहा कि जशपुर जिला पहले भी पत्थलगांव के पाकरगांव में जमीन विवाद के कारण हिंसक घटना देख चुका है, ऐसे में बच्छराँव की स्थिति को भी हल्के में नहीं लिया जा सकता।जूदेव ने मांग की कि कलेक्टर जशपुर स्वतः संज्ञान लेकर मामले का त्वरित निपटान कर ग्रामीणों को राहत प्रदान करें, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की अनहोनी या विवाद की स्थिति न बने।उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने यह मामला सरगुजा कमिश्नर के समक्ष भी उठाया था, और कमिश्नर ने कलेक्टर जशपुर को कार्रवाई हेतु पत्र लिखा था, इसके बावजूद मामला वर्षों से लंबित है। जूदेव ने कहा कि ग्रामीणों के हित में मौके का निरीक्षण कर पुनः सही भूमि बंटन जरूरी है, जिससे गांव में सामंजस्य व शांति बनी रहे।
