खरसिया (जिला रायगढ़)।महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर बाबा सिद्धेश्वर महादेव की पावन धरा बरगढ़ धाम, खरसिया में आयोजित “हिन्दू महासंगम” कार्यक्रम में एक ऐतिहासिक व भावनात्मक दृश्य देखने को मिला, जब 272 धर्मांतरित भाई-बहनों ने विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ सनातन धर्म में पुनः घर वापसी की।इस गरिमामयी आयोजन का नेतृत्व प्रबल प्रताप सिंह जूदेव (अखिल भारतीय घर वापसी प्रमुख) ने किया।

उन्होंने स्वयं चरण पखारकर सभी को सनातन परंपरा में पुनः सम्मिलित कराया। कार्यक्रम का आयोजन धर्म जागरण समन्वय छत्तीसगढ़ प्रान्त, कल्चुरि कलार महासंघ, सेवा न्याय उत्थान एवं दिलीप सिंह जूदेव फाउंडेशन के तत्वावधान में किया गया।

अपने उद्बोधन में प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि “कुमार दिलीप सिंह जूदेव द्वारा प्रारंभ किया गया घर वापसी अभियान निरंतर जारी रहेगा।

यह केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि अपनी जड़ों, संस्कृति और आस्था से पुनः जुड़ने का संकल्प है।

”कार्यक्रम में श्री प्रेमा साईं महाराज (मातंगीधाम) का मार्गदर्शन व आशीर्वाद प्राप्त हुआ।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “महाशिवरात्रि पर महादेव का अटूट विश्वास हमें सनातन के शाश्वत सिद्धांतों को साहसपूर्वक अपनाने और उनके माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की प्रेरणा देता है।

इस अवसर पर विजय शंकर पटनायक (आरएसएस), राजकुमार चंद्रा (धर्म जागरण), भोजराम देवांगन (अध्यक्ष, हथकरघा बोर्ड), प्रहलाद रजक (अध्यक्ष, रजाकार बोर्ड), स्वाती गोयल शर्मा (समाज सेविका), अंजू गवेल (धर्म जागरण), विजय जायसवाल सहित अनेक गणमान्यजन, धर्मप्रेमी बंधु, मातृशक्ति एवं युवा कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर हुआ यह आयोजन न केवल धार्मिक दृष्टि से, बल्कि सामाजिक व सांस्कृतिक रूप से भी सनातन मूल्यों से पुनः जुड़ाव का सशक्त संदेश देकर गया।

