पत्थलगांव नंदन झरिया के पास बड़ा हादसा टला, ट्रक से बचने के प्रयास में कार पलटी

पत्थलगांव। सीतापुर से पत्थलगांव की ओर आ रही एक कार सामने से आ रहे तेज़ रफ्तार ट्रक से खुद को बचाने के प्रयास में अचानक कट मार बैठी, जिससे कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार क्रमांक सीजी 20 जे 4503 के चारों पहिए आसमान की ओर हो गए।

कार में सवार लोगों को इस दुर्घटना में हल्की चोटें आई हैं। राहत की बात यह रही कि सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं पहुंची।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार को नौसिखिए चालक चला रहे थे। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर यह दुर्घटना हुई, वहां पास ही आदिम काल से बना एक जर्जर पुल मौजूद है। पुल के ठीक बगल में यह हादसा हुआ। जैसे ही कार जर्जर पुल को पार कर आगे बढ़ी, तभी यह दुर्घटना हो गई।स्थिति इतनी भयावह थी कि कार पुल के नीचे गिरते-गिरते बच गई, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि वाहन कुछ और पहले अनियंत्रित हो जाता, तो गंभीर जान-माल की हानि हो सकती थी।घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से इस मार्ग पर तेज़ रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण तथा जर्जर पुल की मरम्मत या वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।

