युवा ही हैं विकसित भारत 2047 की असली नींव – सालिक साय,,,राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत कुनकुरी में छात्र संसद कार्यक्रम का भव्य आयोजन

जशपुर। राष्ट्रीय सेवा योजना एनएसएस के तत्वावधान में छात्र संसद कार्यक्रम का भव्य एवं सफल आयोजन बालासाहेब देशपांडे महाविद्यालय, कुनकुरी द्वारा लोयोला महाविद्यालय, कुनकुरी के मंच पर संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम विकसित भारत 2047 के राष्ट्रीय लक्ष्य के अनुरूप युवाओं में नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ तथा राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष जशपुर सालिक साय उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व जिला अध्यक्ष, युवा मोर्चा जशपुर अमन शर्मा एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी कुनकुरीश्रीनायक मिश्रा की उपस्थिति रही।

मुख्य अतिथि सालिक साय ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश के विष्णुदेव साय के सुशासन की सराहना करते हुए कहा कि युवा ही विकसित भारत 2047 की असली नींव हैं। उन्होंने कहा कि भारत का भविष्य युवाओं के हाथों में है और छात्र संसद जैसे कार्यक्रम युवाओं को देश की संसदीय व्यवस्था से परिचित कराकर उन्हें एक जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से लोकतंत्र की शक्ति को समझते हुए देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि अमन शर्मा एवं श्रीनायक मिश्रा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से आयोजित छात्र संसद कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को निर्भीक होकर अपने विचार व्यक्त करने और राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर प्राचार्य फादर डॉ. टेलेसफोर लकड़ा, उपप्राचार्य डॉ. धर्म किशोर लकड़ा, विज्ञान संकायाध्यक्ष डॉ. इग्नस किंडो एवं प्राचार्य प्रो. विनायक साय की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम में महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापकगण प्रो. डॉ. दीनानाथ, प्रो. डॉ. किशोर मिंज, प्रो. डॉ. विश्वकर्मा, प्रो. डॉ. आर. पी. धुर्वे, प्रो. कंचन केरकेट्टा, प्रो. डॉ. डी. डी. प्रसाद, प्रो. आल्मा ग्रेस तिर्की, प्रो. कुमुदिनी एक्का, प्रो. डॉ. अनुज एक्का एवं प्रो. साजिद खान सहित अन्य प्राध्यापकगण उपस्थित रहे।

साथ ही भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष भूषण वैष्णव की भी उपस्थिति रही।कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा मॉक संसद छात्र संसद का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने प्रधानमंत्री, मंत्री एवं विपक्ष की भूमिका निभाते हुए शिक्षा, रोजगार, डिजिटल इंडिया, पर्यावरण संरक्षण एवं देश के समग्र विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सारगर्भित चर्चा की।

इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को संसदीय प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त हुई तथा तर्कशक्ति, नेतृत्व क्षमता और सार्वजनिक मंच पर अपने विचार रखने का आत्मविश्वास विकसित हुआ।

यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को महाविद्यालय स्तर से चयनित होकर राज्य स्तर तथा तत्पश्चात राष्ट्रीय स्तर दिल्ली तक अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा की गई यह पहल युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित नागरिक बनाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।कार्यक्रम का सफल संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं महाविद्यालय परिवार के सहयोग से संपन्न हुआ। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। सफल आयोजन के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, प्राध्यापकगण एवं विद्यार्थियों की सराहना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *