
जशपुर।कृषि विज्ञान केन्द्र, जशपुर (डुमरबहार) में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना के अंतर्गत 22वीं किस्त के हस्तांतरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण आयोजित किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गुवाहाटी (असम) से देशभर के किसानों के बैंक खातों में राशि हस्तांतरित की गई। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में उपस्थित किसानों और जनप्रतिनिधियों को दिखाया गया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत जशपुर के अध्यक्ष सालिक साय उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के तहत देशभर के लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में 18 हजार 640 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की गई। इसी क्रम में जशपुर जिले के कुल 76,106 किसानों के बैंक खातों में लगभग 14.32 करोड़ रुपये की राशि भेजी गई।कार्यक्रम में उपस्थित किसानों को कृषि विज्ञान केन्द्र, जशपुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख राकेश कुमार भगत ने केंद्र में संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।

उन्होंने किसानों को रबी फसलों की उन्नत खेती, आधुनिक कृषि तकनीकों और कृषि से जुड़े नए प्रयोगों के बारे में विस्तार से बताया।इस अवसर पर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कृषि वैज्ञानिकों और कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को योजना की पात्रता, पंजीकरण प्रक्रिया तथा मिलने वाली आर्थिक सहायता के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति वर्ष 6000 रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में सीधे उनके बैंक खाते में प्रदान की जाती है, जिससे किसानों को खेती-किसानी के कार्यों में आर्थिक सहयोग मिलता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने कहा कि भारत सरकार किसानों को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण योजना है, जिससे उन्हें खेती के लिए आर्थिक सहायता मिलती है।कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को ई-केवाईसी, आधार लिंकिंग, बैंक खाता सत्यापन और ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी। साथ ही बताया गया कि यदि किसी किसान को योजना की किस्त प्राप्त नहीं हो रही है तो वह संबंधित पोर्टल या कृषि विभाग से संपर्क कर अपनी समस्या का समाधान कर सकता है।कार्यक्रम के दौरान किसानों ने योजना से संबंधित अपनी जिज्ञासाएं भी रखीं, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया। साथ ही किसानों को कृषि से जुड़ी नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम के अंत में जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने कृषि विज्ञान केन्द्र जशपुर में आयोजित मशरूम प्रदर्शनी तथा महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन भी किया।इस कार्यक्रम में भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष भूषण वैष्णव, कृषि विभाग से नरोत्तम यादव (वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कांसाबेल), रूपेंद्र कुमार बंजारा, प्रेमदीप, सुरेश सोरेन, सुबेश, अविनाश, मनीष, वंदना तथा उद्यान विभाग से खोम साहू उपस्थित रहे। वहीं कृषि विज्ञान केन्द्र जशपुर के वैज्ञानिक डॉ. छत्रपाल, इंजी. अनिता लकड़ा, डॉ. नागेंद्र कुमार, मनीष वर्मा, मनोज नारंगे सहित कुल 79 किसान कार्यक्रम में शामिल हुए।
