

पत्थलगांव। जशपुर जिले के चिकित्सा इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। पत्थलगांव स्थित श्री ए.जी. हॉस्पिटल ने पहली बार टोटल हिप रिप्लेसमेंट (THR) सर्जरी को सफलतापूर्वक संपन्न कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह जटिल और बड़ी सर्जिकल प्रक्रिया मानी जाती है, जिसमें क्षतिग्रस्त कूल्हे के जोड़ को हटाकर उसकी जगह कृत्रिम जोड़ (प्रोस्थेसिस) लगाया जाता है।

इस महत्वपूर्ण सर्जरी को श्री ए.जी. हॉस्पिटल की विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया। सर्जरी में डॉ. राहुल मिश्रा, डॉ. अजीत गुप्ता, डॉ. हेमंत भगत के साथ चिकित्सा स्टाफ जय प्रकाश भगत, आशीष बेक, प्रकाश और नरेंद्र ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम के सामूहिक प्रयास और आधुनिक तकनीक के उपयोग से यह जटिल ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा।चिकित्सकों ने बताया कि टोटल हिप रिप्लेसमेंट उन मरीजों के लिए अत्यंत लाभकारी सर्जरी है

जिनके कूल्हे के जोड़ गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो जाते हैं या जिन्हें लंबे समय से असहनीय दर्द और चलने-फिरने में कठिनाई का सामना करना पड़ता है। सर्जरी के बाद मरीज सामान्य जीवन की ओर तेजी से लौट सकता है।श्री ए.जी. हॉस्पिटल में इससे पहले भी कई गंभीर बीमारियों और जटिल सर्जरी का सफलतापूर्वक उपचार किया जा चुका है।

इस नई उपलब्धि से न केवल पत्थलगांव बल्कि पूरे जशपुर जिले और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिली है। अब मरीजों को इस प्रकार की बड़ी सर्जरी के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।स्थानीय लोगों ने भी इस उपलब्धि पर अस्पताल की पूरी टीम को बधाई दी है और उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी इसी तरह उन्नत चिकित्सा सुविधाएं क्षेत्रवासियों को मिलती रहे।

