विधानसभा घेराव को लेकर कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, जशपुर से भी पहुंचेंगे बड़ी संख्या में कार्यकर्ता – आरती सिंह

जशपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की अगुवाई में कांग्रेस पार्टी द्वारा विभिन्न मुद्दों को लेकर विधानसभा का घेराव किया जाएगा। इस प्रदर्शन में जशपुर जिले सहित प्रदेशभर से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।

प्रदेश कांग्रेस महामंत्री श्रीमती आरती सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट तथा प्रदेश कांग्रेस के तीनों सह प्रभारी भी शामिल होंगे। इसके साथ ही प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी और विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रायपुर पहुंच चुके हैं।

आरती सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के तहत पहले सभा का आयोजन किया जाएगा, जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता विधानसभा की ओर कूच करेंगे और विधानसभा का घेराव करेंगे। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन के माध्यम से कांग्रेस पार्टी प्रदेश सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेगी।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस द्वारा यह विधानसभा घेराव मनरेगा का नाम बदलने, बिजली दरों में बढ़ोतरी, किसानों के साथ धोखा, धान खरीदी में वादाखिलाफी, गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतें, बिगड़ती कानून व्यवस्था और नशे के कारोबार जैसे मुद्दों को लेकर किया जा रहा है।

आरती सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार जनहित के कार्यों से विमुख हो गई है और आम जनता की समस्याओं की अनदेखी कर रही है। इसी के विरोध में कांग्रेस पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन कर रही है और रायपुर में विधानसभा घेराव के माध्यम से सरकार का ध्यान इन मुद्दों की ओर आकर्षित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जशपुर जिले से भी कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में रायपुर पहुंच चुके हैं और कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *