जशपुर में जगदगुरु नरेन्द्राचार्य महाराज के आगमन की तैयारियां तेज भाजपा के वरिष्ठ नेता, सच्चिदानंद उपासने ने ली समीक्षा बैठक

जशपुरनगर। आगामी 20 जून को जशपुर में होने वाले जगदगुरु नरेन्द्राचार्य महाराज के आगमन को ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता सच्चिदानंद उपासने के मुख्य आतिथ्य में कल्याण आश्रम के सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में राजा रणविजय सिंह जूदेव विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यक्रम को भव्य बनाने तथा अधिक से अधिक स्थानीय सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इस अवसर पर कल्याण आश्रम के प्रांत संगठन महामंत्री महेश्वर जी, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगा राम भगत, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शिव प्रकाश तिवारी तथा भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष पिंकी गुप्ता सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए सच्चिदानंद उपासने ने कहा कि जगदगुरु नरेन्द्राचार्य महाराज का जशपुर आगमन पूरे जिले के लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं बल्कि हमारी संस्कृति और संस्कारों को नई ऊर्जा देने का माध्यम है।

उन्होंने जशपुरवासियों से अपील करते हुए कहा कि 20 जून को बड़ी संख्या में उपस्थित होकर महाराज श्री का आशीर्वाद प्राप्त करें और कार्यक्रम को सफल बनाएं।बैठक में यह भी तय किया गया कि महाराज जी के भव्य स्वागत के लिए विभिन्न टोलियों का गठन किया जाएगा। कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ तथा राष्ट्र सेविका समिति को मुख्य जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा भाजपा किसान मोर्चा, भाजपा महिला मोर्चा सहित अन्य सामाजिक और धार्मिक संगठनों को भी अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं।आयोजकों के अनुसार सभी संगठनों के समन्वय से जिले के कोने-कोने तक श्रद्धालुओं को सूचना पहुंचाई जाएगी ताकि कार्यक्रम की व्यवस्थाएं सुचारू और अनुशासित रूप से संचालित हो सकें। बताया जा रहा है कि 20 जून को जशपुर में हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *