बैकुंठपुर में कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन, 11 सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार को चेतावनी

बैकुंठपुर। प्रांतीय छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन (132 संगठनों) के आह्वान पर जिला कोरिया मुख्यालय बैकुंठपुर में कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर शाम 4 बजे जोरदार प्रदर्शन किया। जिले के विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मचारी एवं अधिकारी निर्धारित समय पर एकत्रित हुए और शासन से अपनी मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की।प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर जोरदार नारेबाजी की। “मोदी गारंटी लागू करो”, “हमारी मांगे पूरी करो”, “कर्मचारी एकता जिंदाबाद” जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

कर्मचारियों ने 11 सूत्रीय मांगों को लेकर शासन का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर आकर्षित किया।इस अवसर पर फेडरेशन के संभागीय उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह ददा एवं संयोजक डॉ. आर. एस. चंदे ने बताया कि कर्मचारियों की कई महत्वपूर्ण मांगें लंबे समय से लंबित हैं, जिन पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रमुख मांगों में महंगाई भत्ते की लंबित किश्तों का भुगतान, वेतन विसंगति का निराकरण, पदोन्नति संबंधी समस्याओं का समाधान, अनियमित कर्मचारियों का नियमितीकरण, नियमित भर्ती अभियान सहित अन्य सेवा संबंधी मुद्दे शामिल हैं।

प्रदर्शन के पश्चात फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के नाम संबोधित ज्ञापन कोरिया कलेक्टर को सौंपा। ज्ञापन में 11 सूत्रीय मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की गई।फेडरेशन के पदाधिकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आगामी दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *