सन्ना पंचायत में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बाजार नीलामी प्रक्रिया सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गई। इस बार नीलामी में जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जिसमें कुल आठ बोलीदाताओं ने भाग लेकर अपनी-अपनी दावेदारी पेश की।नीलामी की शुरुआत 2 लाख रुपये की आधार राशि से की गई थी, लेकिन प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ बोली लगातार बढ़ती गई। अंततः अजीमुद्दीन अंसारी उर्फ लड्डू ने सबसे अधिक 5 लाख 6 हजार रुपये की बोली लगाकर बाजार का ठेका अपने नाम कर लिया। यह ठेका उन्हें एक वर्ष की अवधि के लिए प्रदान किया गया है।गौरतलब है कि इस वर्ष की बोली पिछले साल की तुलना में लगभग तीन गुना अधिक रही, जिससे पंचायत को उल्लेखनीय राजस्व लाभ मिलने की उम्मीद है।पंचायत द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार, सफल बोलीदाता को 24 घंटे के भीतर कुल बोली राशि का 50 प्रतिशत जमा करना अनिवार्य है। निर्धारित समय सीमा में राशि जमा नहीं करने पर अमानत राशि जब्त कर ठेका निरस्त कर दिया जाएगा।इस सफल नीलामी से पंचायत को जहां आर्थिक लाभ मिलेगा, वहीं नवीन बाजार हाट के निर्माण और बेहतर संचालन से स्थानीय व्यापार व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
