
जशपुर।जशपुर जिले में आयोजित कृषि क्रांति एक्सपो 2.0 कार्यक्रम में शामिल होकर किसानों एवं जनप्रतिनिधियों ने आधुनिक कृषि तकनीकों और नवाचारों की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों के माध्यम से कृषि, पशुपालन, मछली पालन सहित कई विषयों पर उपयोगी जानकारी दी गई।भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष दिनेश प्रसाद ने कार्यक्रम में शामिल होने पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि कृषि क्रांति एक्सपो जैसे आयोजन किसानों के लिए अत्यंत लाभदायक हैं। यहां लगाए गए स्टालों के माध्यम से किसानों को नई तकनीक, उन्नत बीज, आधुनिक खेती के तरीके तथा पशुपालन और मत्स्य पालन से जुड़ी योजनाओं की जानकारी प्राप्त होती है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम किसानों को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। एक्सपो में विभिन्न कृषि विशेषज्ञों द्वारा भी किसानों को मार्गदर्शन दिया गया, जिससे किसानों को खेती के आधुनिक तरीकों को अपनाने की प्रेरणा मिली।
