
पत्थलगांव। जिला जशपुर के आबकारी वृत्त पत्थलगांव की टीम ने अवैध मदिरा के खिलाफ छापामार कार्रवाई करते हुए ग्राम सेन्दरीबहार में झारखंड राज्य निर्मित शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान टीम ने 30.800 लीटर झारखंड निर्मित अवैध शराब जब्त की और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
आबकारी विभाग की टीम ने ग्राम सेन्दरीबहार के बरपारा निवासी सुबेरचन्द नाग (उम्र 36 वर्ष) को अवैध शराब रखने और बिक्री करने के आरोप में पकड़ा। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)क, 34(2), 36 एवं 59(क) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
मामले की विवेचना विवेचक अधिकारी यज्ञ शरण शुक्ला द्वारा की जा रही है। इस कार्रवाई में आबकारी आरक्षक जुगल पटेल, मुख्य आरक्षक कृनेश सिन्हा, छक्के लाल गुप्ता तथा नगर सैनिक मंजीत महेश्वर का विशेष योगदान रहा।
बताया जा रहा है कि इस वर्ष आबकारी वृत्त पत्थलगांव द्वारा झारखंड राज्य की अवैध मदिरा के खिलाफ यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले भी टीम ने करीब 56 लीटर अवैध शराब जब्त की थी। आबकारी विभाग द्वारा क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी कार्रवाई जारी रहने की बात कही गई है।

