पंडरीपानी में सड़क किनारे खड़ी पानी टैंकर से टकराई बाइक, युवक की मौके पर मौततमता-डूमरबहार मार्ग के पंडरीपानी में हादसा, तीखे मोड़ पर खड़ी थी टैंकर

पत्थलगांव। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के तमता–डूमरबहार मुख्य मार्ग स्थित पंडरीपानी में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक की बाइक सड़क किनारे खड़ी पानी टैंकर से जा टकराई, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही जान चली गई।मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान जामजूनवानी निवासी सिरिल तिर्की के 21 वर्षीय पुत्र रुबिन तिर्की के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रुबिन तिर्की शनिवार देर रात बाइक से रेडे की ओर जाने के लिए निकला था।

इसी दौरान तमता–डूमरबहार मार्ग के पंडरीपानी में एक मकान निर्माण कार्य के लिए सड़क किनारे खड़ी पानी टैंकर से उसकी बाइक सीधे टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक की बाइक टैंकर के अगले हिस्से में जा घुसी और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पत्थलगांव पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए भेजते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।बताया जा रहा है कि जहां यह हादसा हुआ, वहां सड़क पर तीखा मोड़ है। ऐसे में सामने खड़ी गाड़ी का समय पर अंदाजा लग पाना मुश्किल हो जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे भारी वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण यहां अक्सर दुर्घटना का खतरा बना रहता है।फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। वहीं इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे भारी वाहनों की लापरवाही से पार्किंग पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

