रघुनाथपुर में भाजपा का स्थापना दिवस, कार्यकर्ताओं की पार्टी है भारतीय जनता पार्टी : सालिक साय

पत्थलगांव। भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस पत्थलगांव मंडल के अंतर्गत ग्राम रघुनाथपुर में उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संगठन की विचारधारा, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं पर चर्चा करते हुए पार्टी को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत जशपुर के अध्यक्ष सालिक साय शामिल हुए। उनके साथ नगर पालिका अध्यक्ष संगीता सिंह, अंकित बंसल, सुनील अग्रवाल, अजय बंसल, नरेश यादव, सुनील गर्ग, अवधेश गुप्ता, रूपसिंह राठिया, भुनेश्वरी बेहरा, अंजू टोप्पो, शशि पैंकरा, बालसाय चौहान, नवीन यादव सहित भारतीय जनता पार्टी के अनेक वरिष्ठ एवं सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में पार्टी के ज्येष्ठ-श्रेष्ठ कार्यकर्ता, माताएं और बहनों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सालिक साय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और यह पूरी तरह कार्यकर्ताओं की पार्टी है। भाजपा की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो संगठन की विचारधारा को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम और समर्पण से ही पार्टी लगातार मजबूत होती जा रही है।उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सुशासन स्थापित हुआ है और सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

प्रदेश सरकार किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीब वर्ग के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लेकर विकास को नई दिशा दे रही है।कार्यक्रम के दौरान भाजपा के स्थापना दिवस के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया तथा पार्टी की उपलब्धियों और संगठनात्मक मजबूती पर चर्चा की गई।

साथ ही सभी कार्यकर्ताओं ने मिलकर पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने और समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय रहने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *