
जशपुर। जिले के पंडरापाठ में शनिवार को अत्याधुनिक तीरंदाजी अकादमी केंद्र के निर्माण एवं विकास कार्य का भव्य भूमिपूजन संपन्न हुआ। लगभग ₹20.53 करोड़ की लागत से बनने वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना से जशपुर के युवाओं को उच्चस्तरीय खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी और वे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।इस महत्वपूर्ण परियोजना को धरातल पर लाने में जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत के सतत प्रयासों की अहम भूमिका रही है। उनके निरंतर प्रयासों से क्षेत्र को यह बड़ी सौगात मिली है, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को अपने ही जिले में आधुनिक प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक श्रीमती रायमुनी भगत उपस्थित रहीं।

उन्होंने विधिवत भूमिपूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यह अकादमी जशपुर के युवाओं के सपनों को नई दिशा देगी और जिले को खेल के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयासरत है और यह परियोजना उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के पूर्व अध्यक्ष कृष्ण कुमार राय ने कहा कि जशपुर की धरती में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, विशेषकर तीरंदाजी में यहां के युवाओं की प्राकृतिक दक्षता देखने को मिलती है।

उन्होंने कहा कि यह अकादमी खिलाड़ियों को आधुनिक संसाधन और बेहतर मार्गदर्शन प्रदान कर उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।कार्यक्रम में जिला भाजपा महामंत्री मुकेश शर्मा, डीडीसी गेंदबिहारी सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता शंकर गुप्ता, हरिशंकर यादव, देवलाल भगत, जुगनू यादव सहित जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने इस परियोजना को क्षेत्र के खेल विकास के लिए मील का पत्थर बताया।अकादमी में आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं, उच्च गुणवत्ता के उपकरण और प्रशिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, जिससे खिलाड़ियों को पेशेवर माहौल में अभ्यास का अवसर मिलेगा।करदना में जनसंपर्क: पहाड़ी कोरवा परिवारों से आत्मीय संवादभूमिपूजन कार्यक्रम के बाद देर शाम करदना क्षेत्र में विधायक रायमुनी भगत एवं पूर्व पर्यटन मंडल अध्यक्ष कृष्ण कुमार राय ने पहाड़ी कोरवा परिवारों से मुलाकात कर जनसंपर्क किया।

इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।ग्रामीणों से संवाद करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है और विशेष जनजातीय समुदायों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।इस दौरान ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। विधायक रायमुनी भगत एवं वरिष्ठ भाजपा नेता कृष्ण कुमार राय को अपने बीच पाकर ग्रामीणों ने खुशी व्यक्त की। साथ ही क्षेत्र को तीरंदाजी अकादमी जैसी बड़ी सौगात दिलाने के लिए ग्रामीणों ने विधायक एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।

