
पत्थलगांव। बटुराबहार गांव में पारिवारिक विवाद के चलते देवर द्वारा अपनी भाभी पर लोहे के हथियार से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 अप्रैल 2026 को अनु कुमारी के ससुर अक्साय डोम और देवर गुरबारु उर्फ जूदेव के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। इसी दौरान अनु कुमारी ने दोनों के बीच झगड़ा शांत कराने का प्रयास किया।बताया जा रहा है कि बीच-बचाव करने से नाराज होकर देवर गुरबारु ने गुस्से में आकर लकड़ी काटने वाली लोहे की दौली से अनु कुमारी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

इस हमले में अनु कुमारी के सिर, आंख के पास, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं।घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए पत्थलगांव अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। पीड़ित पक्ष ने आरोपी के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने और हमला करने की शिकायत दर्ज कराई है।पुलिस ने मामले में आरोपी गुरबारु उर्फ जूदेव के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351(3) और 115(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

