
जशपुर, छत्तीसगढ़।टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा छत्तीसगढ़ के शिक्षकों के हितों की रक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी एवं माननीय शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव जी के नाम जिला जशपुर के डिप्टी कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।यह ज्ञापन टी.एफ.आई. के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनीष मिश्रा, रविंद्र राठौर एवं केदार जैन के निर्देशानुसार प्रस्तुत किया गया,

जिसमें वर्ष 2010 से पूर्व एवं पश्चात नियुक्त शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग प्रमुख रूप से की गई है।ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) द्वारा दिनांक 23 अगस्त 2010 को जारी राजपत्र के अनुसार शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के अंतर्गत केवल नई नियुक्तियों के लिए ही टीईटी अनिवार्य की गई थी। उक्त राजपत्र के बिंदु क्रमांक 4 में स्पष्ट रूप से वर्णित है कि पूर्व से कार्यरत शिक्षकों के लिए टीईटी उत्तीर्ण करना अनिवार्य नहीं है।

इसके अतिरिक्त ज्ञापन में यह भी अवगत कराया गया है कि दिनांक 01 सितंबर 2025 को माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेश के पश्चात अभी तक भारत सरकार अथवा NCTE द्वारा कोई स्पष्ट अनुपालन आदेश जारी नहीं किया गया है। वर्तमान में विभिन्न राज्यों जैसे उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, केरल, उत्तराखंड एवं पश्चिम बंगाल द्वारा दायर लगभग 45 पुनर्विचार याचिकाएं माननीय सर्वोच्च न्यायालय के समक्ष विचाराधीन हैं।फेडरेशन द्वारा प्रस्तुत प्रमुख मांगों में छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा दिनांक 17 अगस्त 2012 को जारी राजपत्र के अनुरूप पूर्व नियुक्त एवं पदोन्नत शिक्षकों को टीईटी से छूट प्रदान करना, अन्य राज्यों की भांति छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा भी माननीय सर्वोच्च न्यायालय में शिक्षकों के पक्ष में पुनर्विचार याचिका दायर करना तथा अंतिम निर्णय आने तक यथास्थिति बनाए रखना शामिल है।टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के पदाधिकारियों ने कहा कि राज्य शासन को हजारों अनुभवी शिक्षकों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस विसंगति का शीघ्र निराकरण करना चाहिए तथा शिक्षा व्यवस्था की मजबूत नींव बने शिक्षकों के अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित करना चाहिए।जिला संचालक अजय कुमार गुप्ता के निर्देशानुसार इस अवसर पर छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन जशपुर की जिला उपाध्यक्ष सीमा गुप्ता, जिला विधिक सलाहकार एलन साहू, जशपुर ब्लॉक अध्यक्ष संजय बेक एवं महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष मनीषा टोप्पो सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
