
पत्थलगांव। रायगढ़ रोड स्थित कोयला फैक्ट्री गली में रविवार तड़के एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना नरेश अग्रवाल के मकान की है, जहां दो मंजिला इमारत में करीब दस कमरे किराए पर दिए गए हैं और कई परिवार रहते हैं।बताया जा रहा है कि सुबह करीब 5 बजे बिल्डिंग के बरामदे में खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते स्कूटी पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास में खड़ी एक एक्टिवा स्कूटी का पिछला हिस्सा भी इसकी चपेट में आ गया। हालांकि स्थानीय लोगों की तत्परता से एक्टिवा में लगी आग को समय रहते बुझा लिया गया।आग लगने से पूरी बिल्डिंग में काला धुआं भर गया, जिससे कमरों में सो रहे लोगों में हड़कंप मच गया। सभी किरायेदार तुरंत बाहर निकल आए और अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।स्थानीय लोगों ने मिलकर आग पर काबू पाया और स्थिति को नियंत्रित किया।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि बैटरी में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। मामले की जांच की जा रही है।

