चंदागढ़ पंचायत में आकस्मिक पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, बच्चों के साथ खेला क्रिकेट – मिनी स्टेडियम की घोषणा

पत्थलगांव।पत्थलगांव क्षेत्र के चंदागढ़ पंचायत में उस समय उत्साह का माहौल बन गया जब प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आकस्मिक रूप से वहां पहुंच गए। मुख्यमंत्री का काफिला भैंसामुड़ा बस्ती के पास से गुजर रहा था, तभी उन्होंने बच्चों को क्रिकेट खेलते देखा। यह दृश्य देखकर मुख्यमंत्री काफिले से उतर गए और बच्चों के साथ कुछ देर तक क्रिकेट भी खेला।मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे काफी उत्साहित नजर आए। बच्चों ने मुख्यमंत्री से क्रिकेट किट की मांग की, जिस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें क्रिकेट किट दिलाने का आश्वासन दिया। वहीं बच्चों ने खेलने के लिए मैदान की आवश्यकता बताई तो मुख्यमंत्री ने तत्काल मिनी स्टेडियम बनाने की घोषणा कर दी।इसके बाद मुख्यमंत्री भैंसामुड़ा बस्ती में स्थित चौपाल पहुंचे, जहां वे पेड़ के नीचे बैठकर ग्रामीणों से रूबरू हुए और उनकी समस्याएं व सुझाव सुने। ग्रामीणों की मांग पर मुख्यमंत्री ने यहां सामुदायिक भवन, 200 मीटर सीसी रोड तथा मिनी स्टेडियम निर्माण की घोषणा की।इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की लखपति दीदियों से भी मुलाकात की। उन्होंने एक लखपति दीदी की परचून दुकान पर पहुंचकर वहां से सामान खरीदकर उनका उत्साहवर्धन भी किया।मुख्यमंत्री के साथ इस दौरान पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय, सरपंच रोशन साय पैंकरा, वरिष्ठ भाजपा नेता प्रदीप गुप्ता, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष हेमंत बंजारा, महिला मोर्चा अध्यक्ष भुनेश्वरी बेहरा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण सहित कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी लाल उमेद सिंह, डीएफओ शशि कुमार सहित ग्रामीण,अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

