
*तपकरा। समरसता भवन, तपकरा में आज भारतीय जनता पार्टी मंडल तपकरा की मासिक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में मंडल क्षेत्र में निवासरत प्रदेश पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, जिला स्तर के पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, शक्तिकेंद्र संयोजक एवं सह-संयोजक, शक्तिकेंद्र प्रभारी तथा विभिन्न मोर्चा एवं प्रकोष्ठ के अध्यक्ष एवं संयोजक उपस्थित रहे।बैठक के दौरान संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा की गई।

वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन के प्रति समर्पण भाव के साथ कार्य करने का आह्वान किया।बैठक को मंडल अध्यक्ष दिलीप साहू, किसान मोर्चा जिला महामंत्री कपिलेश्वर सिंह, वरिष्ठ कार्यकर्ता तेजेश्वरी सिंह एवं चरित्र कुमार दास ने संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने संगठन की मजबूती और जमीनी स्तर पर कार्य विस्तार पर जोर दिया।कार्यक्रम का समापन मंडल मंत्री रितेश सोनी द्वारा औपचारिक समापन एवं आभार प्रदर्शन के साथ किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिला कोषाध्यक्ष नटवर मूंदड़ा, जिला कार्यकारिणी सदस्य यदुवर गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।बैठक के पश्चात अटल चौक, तपकरा में बंगाल विजय की खुशी में कार्यकर्ताओं द्वारा आतिशबाजी की गई तथा सभी ने मिलकर झालमुड़ी पार्टी के साथ उत्सव मनाया।कार्यक्रम पूरे उत्साह और संगठनात्मक ऊर्जा के साथ संपन्न हुआ।
